देहरादून में सितंबर से खेल महाकुंभ, न्याय पंचायत से राज्य स्तर तक खिलाड़ी दिखाएंगे हुनर

खेल महाकुंभ 2026-मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का आयोजन, अंडर-14 और अंडर-19 वर्ग में खिलाड़ी करेंगे प्रतिभाग
देहरादून में सितंबर से खेल महाकुंभ 2026-मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में न्याय पंचायत स्तर से लेकर राज्य स्तर तक खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने ऑनलाइन बैठक में तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
प्रतियोगिताओं का आयोजन चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। एक से 10 सितंबर तक न्याय पंचायत स्तर, 11 से 20 सितंबर तक विधानसभा स्तर और 21 से 30 सितंबर तक संसदीय क्षेत्र स्तर पर प्रतियोगिताएं होंगी। इसके बाद एक अक्तूबर से राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
खेल महाकुंभ में अंडर-14 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिताओं में खो-खो, बॉक्सिंग, जूडो, ताइक्वांडो, कराटे, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, बैडमिंटन और शतरंज समेत कई खेल शामिल किए गए हैं।
डीएम ने कहा कि खेल बच्चों और युवाओं में शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के साथ अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास, टीम भावना और संघर्षशीलता जैसे गुण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने पिछले वर्षों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की प्रगति का विश्लेषण कर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने के निर्देश दिए।
विजेताओं को मिलेंगे पदक, प्रमाणपत्र और नकद पुरस्कार
चैंपियनशिप के विभिन्न स्तरों पर विजेता खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र, पदक और नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। संसदीय क्षेत्र स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः 800, 600 और 400 रुपये मिलेंगे। विधानसभा स्तर पर पुरस्कार राशि 500, 400 और 300 रुपये, जबकि न्याय पंचायत स्तर पर 300, 200 और 150 रुपये निर्धारित की गई है।
पिछले वर्ष देहरादून ने खेल महाकुंभ में 146 स्वर्ण, 92 रजत और 80 कांस्य समेत कुल 318 पदक जीतकर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया था। इस बार भी जिले के खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।



