उत्तराखंड

Earthquake: उत्तराखंड में दो जगह कांपी धरती, उत्तरकाशी में 4.2 और टिहरी में 2.0 तीव्रता के झटके

Listen to this News

उत्तराखंड में सोमवार देर रात दो अलग-अलग स्थानों पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। उत्तरकाशी में भूकंप की तीव्रता 4.2 रही, जबकि टिहरी गढ़वाल में 2.0 तीव्रता का हल्का भूकंप दर्ज किया गया। दोनों जिलों में भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

देर रात 1:21 बजे उत्तरकाशी में आया भूकंप

उत्तरकाशी में सोमवार देर रात करीब 1:21 बजे तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए। यमुना घाटी और गंगा घाटी समेत जिले के कई क्षेत्रों में लोगों ने कंपन महसूस किया। झटका तेज होने के कारण कई लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। लोगों ने एक-दूसरे को फोन कर भूकंप की जानकारी भी ली।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, उत्तरकाशी में भूकंप की तीव्रता 4.2 मापी गई। भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी जिले में जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे था। इसका केंद्र बड़कोट तहसील मुख्यालय के नजदीक राजगढ़ी क्षेत्र के आसपास बताया गया है।

टिहरी में 2.0 तीव्रता का भूकंप

इसके अलावा टिहरी गढ़वाल के कीर्तिनगर और घनसाली क्षेत्र में भी सोमवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। यहां भूकंप की तीव्रता 2.0 रही और इसकी गहराई करीब 5 किलोमीटर दर्ज की गई। यह हल्का भूकंप था। प्रशासन के अनुसार, टिहरी में भी भूकंप से किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।

उत्तरकाशी में भूकंप के झटके महसूस होने के बाद लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल रहा। हालांकि, दोनों जिलों में स्थिति सामान्य बताई गई है और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button