देहरादून: तीज उत्सव पर महिला संवाद कार्यक्रम, सीएम धामी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया सम्मानित

देहरादून के भाऊवाला में तीज उत्सव के अवसर पर महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की वास्तविक शक्ति उसकी मातृशक्ति है और महिलाओं की भागीदारी प्रदेश के विकास की आधारशिला है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं को अवसर, सम्मान और निर्णय लेने की क्षमता प्रदान करना है। उन्होंने सशक्त नारी-समृद्ध उत्तराखंड के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि प्रदेश में महिला सशक्तीकरण के लिए लगातार योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
सीएम ने बताया कि उत्तराखंड में अब तक 2.65 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से बड़ी संख्या में महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्वरोजगार और आजीविका को बढ़ावा देने के लिए एकल महिला स्वरोजगार और मुख्यमंत्री महिला सतत आजीविका जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं। महिला उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए हाउस ऑफ हिमालयाज जैसे मंच विकसित किए गए हैं। वहीं, ड्रोन दीदी, सोलर सखी और महिला सारथी जैसी योजनाओं के जरिए महिलाओं को आधुनिक तकनीक और नए रोजगार के अवसरों से जोड़ा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा को भी प्राथमिकता दे रही है। ईजा-बोई शगुन, महालक्ष्मी किट, नंदा गौरा योजना, वृद्धावस्था और विधवा पेंशन जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त नागरिक बनाना है। कार्यक्रम में विधायक सहदेव सिंह पुंडीर समेत महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्य और अन्य लोग मौजूद रहे।



