दिल्ली: कांवड़ यात्रा के चलते NH-9 पर लगा भीषण जाम, गाजियाबाद से सराय काले खां तक थमे वाहन

कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में कांवड़ियों की बढ़ती आवाजाही के कारण पूर्वी दिल्ली में NH-9 पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। गाजियाबाद से सराय काले खां की ओर जाने वाले मार्ग पर बड़ी संख्या में वाहन फंस गए, जिससे यात्रियों और रोजाना सफर करने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए दिल्ली-एनसीआर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही सीमित या डायवर्ट किए जाने के कारण NH-9 पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है।
सोमवार से ही दिल्ली के कई हिस्सों में कांवड़ यात्रा के कारण यातायात प्रभावित है। बड़ी संख्या में कांवड़िए पैदल और दोपहिया वाहनों से दिल्ली की ओर बढ़ रहे हैं। इसके अलावा जगह-जगह बनाए गए कांवड़ शिविरों के कारण भी सड़क पर वाहनों की रफ्तार धीमी हुई है।
यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह
यातायात पुलिस ने कांवड़ यात्रा को देखते हुए लोगों से प्रभावित मार्गों पर जाने से पहले ट्रैफिक की स्थिति जांचने और संभव हो तो वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है। दिल्ली में कई प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन और प्रतिबंध लागू हैं, जिसके चलते आने वाले समय में भी जाम की स्थिति बनी रह सकती है।



