उत्तराखंड

उत्तराखंड में SIR: 13 अगस्त तक आपत्तियों का मौका खत्म, 14 से मतदाताओं को नोटिस; जानें आगे की प्रक्रिया

Listen to this News

देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत अब जांच और जवाब का महत्वपूर्ण चरण शुरू होने जा रहा है। दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया 13 अगस्त को समाप्त हो रही है। इसके बाद 14 अगस्त से उन मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे, जिनके नाम को लेकर आपत्तियां दर्ज की गई हैं।

नोटिस मिलने के बाद संबंधित मतदाताओं को अपना पक्ष और जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। आपत्तिकर्ताओं को भी अपनी आपत्ति के समर्थन में प्रमाण देना होगा। इन मामलों की सुनवाई निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) या सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) के स्तर पर होगी।

अधिकतर आपत्तियां मतदाताओं के स्थान पर नहीं रहने को लेकर

SIR के दौरान बड़ी संख्या में आपत्तियां ऐसी दर्ज की गई हैं, जिनमें कहा गया है कि संबंधित मतदाता उस पते पर नहीं रहते या वहां से कहीं और चले गए हैं। ऐसे मामलों में आपत्तिकर्ता को अपने दावे के समर्थन में साक्ष्य देना होगा, जबकि संबंधित मतदाता को यह प्रमाणित करना होगा कि वह वास्तव में उसी पते का निवासी है।

मतदाता अपने पक्ष में निवास प्रमाण पत्र, जमीन से जुड़े दस्तावेज या अन्य ऐसे प्रमाण प्रस्तुत कर सकते हैं, जिनसे उनके संबंधित पते पर निवास की पुष्टि होती हो।

BLO की रिपोर्ट भी होगी अहम

आपत्तियों की जांच में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) की भूमिका भी महत्वपूर्ण रहेगी। BLO अपनी रिपोर्ट ERO को देंगे। जरूरत पड़ने पर BLO या अधिकृत अधिकारी मौके पर जाकर अथवा घर-घर जाकर यह सत्यापन कर सकते हैं कि संबंधित मतदाता वास्तव में दिए गए पते पर रहता है या नहीं।

इसके बाद ERO आपत्तिकर्ता और मतदाता, दोनों के दस्तावेजों, साक्ष्यों और BLO की रिपोर्ट की समीक्षा करेंगे। यदि आपत्ति सही पाई जाती है तो संबंधित मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटाया जा सकता है। वहीं, आपत्ति गलत या आधारहीन साबित होने पर मतदाता का नाम सूची में बरकरार रहेगा।

14 अगस्त से शुरू होगा नोटिस का चरण

चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया के अगले चरण में 14 अगस्त से आपत्तिकर्ताओं और संबंधित मतदाताओं दोनों को नोटिस जारी किए जाने शुरू होंगे। इसके बाद सुनवाई और दस्तावेजों की जांच के आधार पर मतदाता सूची को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button