देहरादून में पुलिस मुठभेड़: गैंगस्टर रईस दोनों पैरों में गोली लगने से घायल, साथी फरार

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर चल रही चेकिंग के दौरान प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में सहारनपुर का गैंगस्टर रईस दोनों पैरों में गोली लगने से घायल हो गया। वहीं, उसका साथी नवाब अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल रईस को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, 12-13 अगस्त की देर रात दरू चौक के पास चेकिंग के दौरान बिना नंबर की बाइक पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही दोनों बाइक लेकर चाय बागान की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो दोनों ने पितांबरपुर-बनियावाला मार्ग पर बाइक छोड़ दी और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
बदमाशों की फायरिंग में पुलिस का सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रईस के दोनों पैरों में गोली लगी। उसका साथी नवाब अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश में आसपास के क्षेत्र में अभियान चलाया।
मौके से हथियार और अन्य सामान बरामद
पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से 315 बोर का तमंचा, दो खोखे, बिना नंबर की बाइक, चापड़, कुल्हाड़ी, दो चाकू और नायलॉन की रस्सी बरामद की है। पुलिस अब बरामद सामान और मुठभेड़ की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
गोकशी के मामले में वांछित था रईस
पुलिस के मुताबिक, रईस प्रेमनगर क्षेत्र में करीब दो साल पहले सामने आए गोकशी के मामले में वांछित था। उसके खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में गोकशी, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।



