रानीखेत में दिखा खूबसूरत येलो-ब्रेस्टेड ग्रीनफिंच, सूरजमुखी पर बैठा पक्षी कैमरे में कैद

अल्मोड़ा के रानीखेत में हिमालयी क्षेत्र का खूबसूरत पक्षी येलो-ब्रेस्टेड ग्रीनफिंच नजर आया। रानीखेत कोतवाली परिसर में यह नन्हा पक्षी सूरजमुखी के पीले फूल पर बैठा दिखाई दिया। पीली छाती, हरे पंख और पंखों पर उभरी पीली धारियों वाले इस पक्षी की तस्वीर बर्ड फोटोग्राफर कमल गोस्वामी ने अपने कैमरे में कैद की।
सूरजमुखी के फूल पर बैठे पक्षी का रंग फूल के साथ इस तरह घुल-मिल गया कि यह दृश्य बेहद आकर्षक नजर आया। येलो-ब्रेस्टेड ग्रीनफिंच की मौजूदगी ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान भी खींचा। फोटोग्राफर कमल गोस्वामी के अनुसार, यह पक्षी रानीखेत क्षेत्र में समय-समय पर दिखाई देता है और मुख्य रूप से बीजों पर निर्भर रहता है। सूरजमुखी के बीज भी इसके पसंदीदा भोजन में शामिल हैं।
12 से 14 सेंटीमीटर होती है लंबाई
येलो-ब्रेस्टेड ग्रीनफिंच फ्रिंजिलिडे परिवार का पक्षी है। यह हिमालयी क्षेत्रों और उत्तरी भारतीय उपमहाद्वीप में पाया जाता है। इसकी लंबाई करीब 12 से 14 सेंटीमीटर और वजन लगभग 15 से 21 ग्राम तक होता है। इसके शरीर का निचला हिस्सा चमकीला पीला होता है, जबकि पंखों पर पीली धारियां इसकी खास पहचान हैं।
बीजों की तलाश में झुंड में घूमता है
यह पक्षी मुख्य रूप से घास, पौधों और अन्य वनस्पतियों के बीज खाता है। मौसम और ऊंचाई के अनुसार इसके स्थान में बदलाव भी देखा जाता है। कई बार यह छोटे-छोटे झुंड में भोजन की तलाश करता है। एक साथ कई ग्रीनफिंच दिखाई देना पक्षी प्रेमियों के लिए खास आकर्षण माना जाता है।
वन विभाग के रानीखेत क्षेत्राधिकारी तापस मिश्रा के अनुसार, रानीखेत और आसपास के वन क्षेत्र विभिन्न पक्षी प्रजातियों के लिए अनुकूल प्राकृतिक आवास उपलब्ध कराते हैं। ऐसे पक्षियों की मौजूदगी क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता का संकेत है। पक्षियों के संरक्षण के लिए उनके प्राकृतिक आवास और खाद्य स्रोतों को सुरक्षित रखना जरूरी है।



