जयपुर: गले में पेटीज फंसने से 12वीं के छात्र की मौत, स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप

जयपुर के झोटवाड़ा क्षेत्र में एक निजी स्कूल में 12वीं कक्षा के 17 वर्षीय छात्र की पेटीज खाने के दौरान तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर अभिभावकों में आक्रोश है और पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई है।
जानकारी के अनुसार, छात्र प्रिंस बुधवार को स्कूल में था। भोजन के दौरान पेटीज खाने के बाद उसके गले में खाना फंस गया और उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों का आरोप है कि छात्र की हालत गंभीर होने के बावजूद स्कूल प्रबंधन ने उसे समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया और परिवार के आने का इंतजार करता रहा।
परिजनों के अनुसार, स्कूल से करीब 100 मीटर की दूरी पर अस्पताल मौजूद था। उनका कहना है कि यदि छात्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जाता तो उसकी जान बचाई जा सकती थी। घटना के बाद परिजनों और अन्य अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई।
पुलिस में शिकायत, जांच शुरू
घटना के बाद परिजनों की ओर से पुलिस में शिकायत दी गई, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस छात्र की मौत के वास्तविक कारण और स्कूल प्रबंधन की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस यह भी जांच करेगी कि छात्र की तबीयत बिगड़ने के बाद स्कूल की ओर से उसे तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई थी या नहीं। साथ ही स्कूल में उपलब्ध प्राथमिक उपचार और आपातकालीन व्यवस्था की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
छात्र की मौत के बाद स्कूल में सुरक्षा और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजन मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



