उत्तराखंड

चमोली: तमक नाले में अतिवृष्टि से मची तबाही, छह दिन से लापता BRO जवान की तलाश जारी

Listen to this News

चमोली जिले की नीति घाटी में 10 अगस्त को अतिवृष्टि के बाद उफान पर आए तमक नाले में सीमा सड़क संगठन (BRO) का एक जवान तेज पानी और मलबे की चपेट में आकर बह गया था। घटना के छह दिन बाद भी जवान का कोई सुराग नहीं मिल सका है। लापता जवान की तलाश के लिए रेस्क्यू और सर्च अभियान लगातार जारी है।

लापता जवान की पहचान BRO की 123 इकाई में तैनात चालक पंकज रुधौला के रूप में हुई है। उनकी तलाश में नाले के आसपास मलबे, जलधाराओं और अन्य संभावित स्थानों को चिन्हित कर सघन खोजबीन की जा रही है। अभियान में दो एक्सकेवेटर, गढ़वाल राइफल्स के जवान, दो सर्च एंड रेस्क्यू डॉग, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें जुटी हैं।

दुर्गम इलाकों में तलाशी अभियान को प्रभावी बनाने के लिए ड्रोन की भी मदद ली जा रही है। भारी बोल्डरों और मलबे को एक्सकेवेटर से हटाकर उसके नीचे और आसपास संभावित स्थानों की जांच की जा रही है। रेस्क्यू टीमें नाले की जलधारा, किनारों और मलबे के बीच हर संभावित जगह को बारीकी से खंगाल रही हैं।

चीन सीमा को जोड़ने वाला बैली ब्रिज भी बहा

अतिवृष्टि के कारण तमक नाले में अचानक पानी और मलबे का तेज बहाव आया था। इसके चलते चीन सीमा क्षेत्र को जोड़ने वाला बैली ब्रिज भी बह गया था। इसी दौरान BRO के जवान पंकज रुधौला लापता हो गए थे।

परिजनों की गुहार पर सीएम ने लिया संज्ञान

लापता जवान के परिजनों ने सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार से मदद की गुहार लगाई थी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसका स्वतः संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को जवान की तलाश के लिए अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं। सेना, BRO, ITBP, पुलिस, जिला प्रशासन, NDRF और SDRF की टीमें लगातार अभियान में जुटी हैं।

मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ निवासी हवलदार पंकज के परिजनों से फोन पर बात कर उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिया। जिलाधिकारी ने भी परिजनों से संवाद कर शासन की ओर से आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button