उत्तराखंड

देहरादून: सहस्त्रधारा में सेल्फी लेते समय नदी में गिरी हरियाणा की महिला, तेज बहाव में बही; मौत

Listen to this News

देहरादून के प्रसिद्ध सहस्त्रधारा पर्यटन स्थल पर शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। नदी किनारे सेल्फी लेते समय हरियाणा की 28 वर्षीय महिला का पैर फिसल गया और वह तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में बह गई। हादसे के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने काफी तलाश के बाद महिला को नदी से बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, महिला की पहचान नेहा आर्य निवासी गांधी कॉलोनी, रेलवे स्टेशन के पास, पानीपत, हरियाणा के रूप में हुई है। वह सहस्त्रधारा घूमने आई थी। नदी के बीच फोटो खींचने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तेज धारा में जा गिरी।

महिला के नदी में बहने की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस और एसडीआरएफ ने स्थानीय लोगों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कुछ देर बाद महिला सहस्त्रधारा के पास नदी में मिली। रेस्क्यू टीम ने उसे बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने घटना की जानकारी महिला के परिजनों को दे दी है। पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद शव को मोर्चरी में रखा गया है। हादसे के बाद एक बार फिर नदी और जलस्रोतों के किनारे सेल्फी लेते समय सुरक्षा को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत सामने आई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button