उत्तराखंड: अमरनाथ ड्यूटी से लौट रहे ITBP जवान की ट्रेन हादसे में मौत, सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई

चमोली जिले के नारायणबगड़ क्षेत्र के डुंग्री गांव निवासी आईटीबीपी जवान प्रदीप कुमार की पठानकोट में हुए ट्रेन हादसे में मौत हो गई। वह अमरनाथ यात्रा में ड्यूटी पूरी करने के बाद घर लौट रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, 35 वर्षीय प्रदीप कुमार आईटीबीपी की 23वीं बटालियन, सीमा द्वार देहरादून में तैनात थे। शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे पठानकोट रेलवे स्टेशन के पास हुए ट्रेन हादसे में उनकी जान चली गई। वह अमरनाथ यात्रा की ड्यूटी पूरी करने के बाद वापस लौट रहे थे।
रविवार को जवान का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव नारायणबगड़ लाया गया। तिरंगे में लिपटे अपने बेटे को अंतिम विदाई देते समय परिजन भावुक हो उठे। मां-पिता और अन्य परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे।
सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
आईटीबीपी की 23वीं बटालियन के कमांडेंट रिंकू सिंह के नेतृत्व में जवानों ने प्रदीप कुमार को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद पूरे सैन्य सम्मान के साथ जवान का अंतिम संस्कार किया गया।
प्रदीप कुमार के असमय निधन से डुंग्री गांव सहित पूरे नारायणबगड़ क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने कहा कि देश की सेवा में समर्पित जवान का इस तरह असमय चले जाना परिवार और पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।



