हमीरपुर: स्कूल तक पक्की सड़क की मांग को लेकर Gen Alpha के बच्चों का प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट पहुंचे

हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में स्कूल तक पहुंचने के लिए पक्की सड़क की मांग को लेकर स्कूली बच्चों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। Gen Alpha के नाम से चर्चा में आए बच्चों ने अपने अभिभावकों के साथ हाथों में तिरंगा और बैनर लेकर कलेक्ट्रेट का रुख किया। बच्चों की मांग थी कि उनके गांव से स्कूल तक खराब पड़े रास्ते का स्थायी निर्माण कराया जाए।
बारिश में कीचड़ से भर जाता है रास्ता
यह मामला कुरारा ब्लॉक की चंदूपुर ग्राम पंचायत से जुड़ा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक करीब 1.5 किलोमीटर लंबा रास्ता बारिश के दौरान कीचड़ और जलभराव से पूरी तरह खराब हो जाता है। इससे बच्चों को स्कूल आने-जाने में काफी परेशानी होती है। क्षेत्र में करीब 3,000 लोग रहते हैं और खराब रास्ते के कारण बीमार लोगों को अस्पताल ले जाने में भी दिक्कत होती है।
पहले भी कर चुके हैं प्रदर्शन
सड़क की समस्या को लेकर छात्रों और ग्रामीणों ने इससे पहले 3 जुलाई को भी प्रदर्शन किया था। उस समय रास्ते पर मिट्टी डालकर अस्थायी व्यवस्था की गई, लेकिन बारिश के बाद सड़क फिर खराब हो गई। एक वैकल्पिक रास्ते को वन विभाग द्वारा बंद किए जाने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई।
कलेक्ट्रेट गेट पर रोके गए बच्चे
बच्चे और ग्रामीण जुलूस के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी कार्यालय की ओर जाने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें गेट पर रोक दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी वहीं बैठ गए और सड़क निर्माण की मांग को लेकर नारेबाजी की। प्रशासन की ओर से अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
ग्रामीणों का कहना है कि अब वे अस्थायी मरम्मत नहीं, बल्कि स्कूल तक पक्की सड़क का स्थायी निर्माण और काम पूरा होने की स्पष्ट समयसीमा चाहते हैं।



