उत्तराखंड

चमोली: स्कूल जा रहे दो बच्चों समेत चार लोगों पर आवारा कुत्ते का हमला, सभी घायल

Listen to this News

नारायणबगड़ (चमोली): चमोली जिले के नारायणबगड़ बाजार में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक से लोगों में दहशत का माहौल है। बुधवार को एक आवारा कुत्ते ने स्कूल जा रहे दो बच्चों समेत चार लोगों को काटकर घायल कर दिया। सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें एंटी रेबीज के इंजेक्शन लगाए गए।

जानकारी के अनुसार, कुत्ते ने स्कूली छात्र दीपांशु बिष्ट, छात्रा मानवी, नेपाली मजदूर प्रकाश और पंती गांव की लक्ष्मी पर हमला किया। अचानक हुए हमले से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हो गए।

मंगलवार को चार लोगों को काटने वाला कुत्ता मिला मृत

इससे एक दिन पहले मंगलवार को भी एक आवारा कुत्ते ने चार लोगों को काटकर घायल किया था। बाद में वही कुत्ता बाजार में मृत अवस्था में मिला। हालांकि बुधवार को दूसरे कुत्ते के हमले के बाद स्थानीय लोगों की चिंता फिर बढ़ गई। लोगों को आशंका है कि क्षेत्र में मौजूद अन्य आवारा कुत्ते भी हिंसक हो सकते हैं।

वन विभाग ने कुत्ते को पकड़ा

घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को मिलने के बाद वन विभाग की टीम सक्रिय हुई। वनक्षेत्राधिकारी प्रदीप गौड़ के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने नारायणबगड़ गांव में घेराबंदी कर हमलावर कुत्ते को पकड़ लिया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने कुछ राहत की सांस ली।

लगातार हो रहे कुत्तों के हमलों से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने क्षेत्र में घूम रहे आवारा कुत्तों को लेकर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button