रुड़की: घर में घुसकर पागल कुत्ते ने बुजुर्ग महिला पर किया हमला, हालत नाजुक

रुड़की: हरिद्वार जिले के बादशाहपुर गांव में पागल कुत्ते के आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पिछले तीन दिनों में कुत्ता करीब 10 लोगों पर हमला कर चुका है। गुरुवार को कुत्ता एक घर में घुस गया और वहां अकेली रह रही बुजुर्ग महिला पर हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग महिला मधु अग्रवाल घर में अकेली थीं। इसी दौरान कुत्ता अचानक घर में घुस आया और महिला पर झपट पड़ा। महिला कुछ समझ पातीं, इससे पहले कुत्ते ने उनके हाथ-पैर समेत शरीर के कई हिस्सों को बुरी तरह काट लिया। हमले में महिला को काफी गहरे जख्म आए हैं।
तीन दिन में करीब 10 लोगों पर हमला
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में यह कुत्ता राहगीरों के साथ-साथ घरों में घुसकर लोगों को निशाना बना रहा है। तीन दिनों के भीतर करीब 10 लोगों पर हमला किए जाने की बात सामने आई है। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
निजी अस्पताल में चल रहा इलाज
कुत्ते के हमले में घायल मधु अग्रवाल को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
लगातार हो रहे हमलों के बाद ग्रामीणों में कुत्ते को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है, ताकि कुत्ते के हमले से अन्य लोगों को बचाया जा सके।



