मसूरी में भारी बारिश का कहर, कैंपटी रोड पर बहुमंजिला भवन भरभराकर गिरा

मसूरी: पहाड़ों की रानी मसूरी में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच शुक्रवार को कैंपटी रोड क्षेत्र में एक बहुमंजिला भवन अचानक धराशायी हो गया। भवन गिरने की तेज आवाज सुनकर अंदर मौजूद पांच लोग तत्काल बाहर निकल आए और बाल-बाल बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भवन गिरने से कुछ देर पहले अचानक तेज आवाज हुई। इसके बाद अंदर मौजूद लोग किसी तरह बाहर निकल आए। देखते ही देखते पूरा बहुमंजिला भवन भरभराकर मलबे में तब्दील हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई।
मलबे में दब गया पूरा सामान
भवन में चार कमरे थे और इसकी छत पर एक रेस्टोरेंट भी संचालित किया जा रहा था। भवन के अचानक गिरने से अंदर रखा पूरा सामान मलबे के नीचे दबकर बर्बाद हो गया। राहत की बात यह रही कि समय रहते भवन में मौजूद लोग बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
बहुमंजिला भवन के धराशायी होने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में भवन को अचानक भरभराकर गिरते हुए देखा जा सकता है। लगातार बारिश के बीच हुई इस घटना ने क्षेत्र में लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
मसूरी और आसपास के इलाकों में बारिश के कारण सड़कें और अन्य बुनियादी ढांचा भी प्रभावित हो रहा है। इससे पहले भारी बारिश के चलते मसूरी-कैंपटी मार्ग पर भी यातायात प्रभावित होने की खबरें सामने आई थीं।



