नैनीताल: महिला की निर्मम हत्या, पूरे शरीर पर मिले चोट के निशान; शव की हालत ने खड़े किए गंभीर सवाल

नैनीताल जिले के ओखलकांडा ब्लॉक के तल्ला ओखलकांडा में घरेलू विवाद के बाद एक महिला की कथित तौर पर लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान डिक्री देवी (28) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद उसका पति मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 21 अगस्त की रात डिक्री देवी और उसके पति भीम सिंह के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पति ने डिक्री देवी के साथ बेरहमी से मारपीट की। परिजनों के मुताबिक, रात करीब तीन बजे तक मारपीट होती रही, जिसके बाद महिला की मौत हो गई। अगले दिन बच्चों ने मां को सोया हुआ समझा। दोपहर बाद भी कोई हलचल नहीं होने पर उन्होंने रोना शुरू किया, जिसके बाद ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई।
पुलिस को शनिवार शाम करीब पांच बजे घटना की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो महिला का शव घर के अंदर पड़ा मिला। मृतका के दस वर्षीय बेटे ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात माता-पिता के बीच विवाद हुआ था और शनिवार सुबह पिता उसे धमकाकर घर से फरार हो गया।
पूरे शरीर पर मिले चोट के निशान
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचने के बाद शव की स्थिति को लेकर भी गंभीर सवाल उठे। फोरेंसिक विशेषज्ञ डॉ. एके सिंह के अनुसार, महिला के शरीर पर लगभग हर हिस्से में चोट के निशान मिले। शव बिना कपड़ों के केवल कंबल में लिपटा हुआ था और दोनों आंखों में कीड़े पड़ चुके थे। विशेषज्ञ ने शव को समय पर मोर्चरी पहुंचाकर सुरक्षित रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
परिजनों ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि शव को मोर्चरी पहुंचाने में करीब 22 घंटे की देरी हुई। उन्होंने पुलिस पर शव की उचित व्यवस्था नहीं करने का आरोप लगाया। वहीं, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल ने आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि घटनास्थल की फॉरेंसिक जांच जरूरी थी और काठगोदाम में पेड़ गिरने से रास्ता बंद होने के कारण शव को मोर्चरी पहुंचाने में देरी हुई।
ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी पहले भी नशे की हालत में पत्नी के साथ मारपीट करता था। ग्रामीणों ने उसे कई बार समझाया था और उसने माफीनामा भी दिया था। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।



