हल्द्वानी: कॉलेज में भूत-प्रेत की अफवाह से मचा हड़कंप, यूनिट टेस्ट के दौरान छात्राओं में अफरा-तफरी; स्कूल में छुट्टी

हल्द्वानी के बनभूलपुरा स्थित एक निजी इंटर कॉलेज में सोमवार को यूनिट टेस्ट के दौरान भूत-प्रेत की अफवाह से छात्राओं में दहशत फैल गई। एक छात्रा के अचानक चीखने-चिल्लाने के बाद परीक्षा कक्ष में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर स्कूल प्रशासन ने स्थिति संभालते हुए छात्राओं को शांत कराया और बाद में कॉलेज में छुट्टी कर दी।
जानकारी के अनुसार, कक्षा 10वीं और 11वीं की एक-दो छात्राओं ने चक्कर आने और तबीयत खराब होने की शिकायत की थी। इसी दौरान एक छात्रा के चीखने की आवाज सुनकर आसपास बैठी छात्राएं डर गईं और कुछ छात्राएं रोने लगीं। इसके बाद कॉलेज में भूत-प्रेत की बाधा की अफवाह तेजी से फैल गई।
अफवाह के चलते परीक्षा दे रही छात्राओं में डर का माहौल बन गया और कक्षाओं में अफरा-तफरी मच गई। स्कूल प्रशासन ने तुरंत हस्तक्षेप कर छात्राओं को समझाया और स्थिति को सामान्य किया।
स्कूल प्रवक्ता नीलम ने बताया कि कुछ छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई थी, लेकिन भूत-प्रेत की बात महज अफवाह है। स्थिति सामान्य होने के बाद छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल में छुट्टी कर दी गई।



