यमुनोत्री हाईवे: सिलक्यारा सुरंग में फिर भूस्खलन, मलबा गिरने का वीडियो वायरल; सुरक्षा पर उठे सवाल

उत्तरकाशी: यमुनोत्री हाईवे पर निर्माणाधीन सिलक्यारा-पोलगांव सुरंग में एक बार फिर भूस्खलन की घटना सामने आई है। सुरंग के अंदर मलबा गिरने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद सुरंग निर्माण की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, बीते शुक्रवार को बड़कोट की ओर से सुरंग के करीब डेढ़ किलोमीटर हिस्से में भूस्खलन हुआ, जिसके चलते मलबा नीचे आ गिरा। हालांकि, इस दौरान किसी तरह की दुर्घटना या जनहानि नहीं हुई।
सुरंग निर्माण कर रही कार्यदायी संस्था के अधिकारियों के मुताबिक, सुरंग के अंदर करीब एक किलोमीटर का हिस्सा पहाड़ी का काफी लूज है। यहां री-प्रोफाइलिंग का काम चल रहा है। इसी दौरान कच्चा हिस्सा टूटकर नीचे गिर जाता है। अधिकारियों ने इसे सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा बताया है और कहा कि सुरंग का सुरक्षा ऑडिट भी कराया जा चुका है।
जुलाई में भी हुई थी मजदूर की मौत
सिलक्यारा सुरंग में इससे पहले जुलाई में भी हादसा हुआ था। उस दौरान सीमेंट का एक टुकड़ा टूटकर गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई थी। घटना के बाद मजदूरों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए विरोध भी किया था।
2023 में फंसे थे 41 मजदूर
सिलक्यारा सुरंग नवंबर 2023 में हुए बड़े हादसे के बाद देशभर में चर्चा में आई थी। 12 नवंबर 2023 को सुरंग में भूस्खलन के कारण 41 श्रमिक अंदर फंस गए थे। करीब 17 दिनों तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था।
ताजा भूस्खलन के बाद सुरंग निर्माण की सुरक्षा को लेकर चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं। हालांकि कार्यदायी संस्था का कहना है कि संवेदनशील हिस्से में सुरक्षा मानकों के तहत काम किया जा रहा है।



