रुड़की: कक्षा नौ के छात्र देव बालियान ने निशानेबाजी में जीता स्वर्ण पदक, हौसले से रचा इतिहास

रुड़की: केंद्रीय विद्यालय के कक्षा नौ के छात्र देव बालियान ने 21वीं उत्तराखंड स्टेट इंटर स्कूल-कॉलेज शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। 20 से 23 अगस्त तक देहरादून की शूटिंग रेंज में आयोजित प्रतियोगिता में देव ने प्रथम स्थान हासिल किया।
उत्तराखंड राइफल एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस चैंपियनशिप में राइफल, पिस्टल और शॉटगन की विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। रुड़की की डाउन कॉलोनी रेलवे क्वार्टर निवासी 16 वर्षीय देव बालियान ने अपनी शानदार निशानेबाजी से प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल जीता।
देव की उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि वह सुनने की क्षमता नहीं होने के बावजूद लगातार निशानेबाजी की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।
देव की इस सफलता से उनके परिवार, शिक्षकों और रुड़की के लोगों में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि अन्य दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा बन रही है।
देव की शानदार कामयाबी ने यह साबित किया है कि मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत के आगे चुनौतियां भी छोटी पड़ जाती हैं। आने वाले समय में उनसे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।



