देश

जंतर-मंतर हिंसा से सबक, दिल्ली पुलिस ने बनाई नई रणनीति; प्रदर्शनकारियों से निपटने के लिए 10 नियम तय

Listen to this News

नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर पिछले महीने हुए हिंसक प्रदर्शन से सबक लेते हुए दिल्ली पुलिस ने राजधानी में विरोध-प्रदर्शनों से निपटने के लिए नई रणनीति तैयार की है। पुलिसकर्मियों को प्रदर्शन के दौरान संयम बरतने, उकसावे में न आने और अपनी हर गतिविधि की रिकॉर्डिंग होने को ध्यान में रखते हुए ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं।

नई गाइडलाइंस में पुलिसकर्मियों से कहा गया है कि प्रदर्शनकारियों के ताने, नारे, गाने या अन्य उकसावे वाली गतिविधियों पर प्रतिक्रिया न दें। किसी भी स्थिति में अनावश्यक बहस या भावनात्मक बातचीत से बचने की सलाह दी गई है।

कैमरे की निगरानी में रहेगी पुलिस की हर गतिविधि

पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया गया है कि वे मानकर चलें कि प्रदर्शन के दौरान उनकी हर गतिविधि मोबाइल फोन या दूसरे डिजिटल माध्यमों से रिकॉर्ड की जा सकती है। बाद में इन वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा किया जा सकता है, इसलिए जवानों को अपने व्यवहार में विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।

टकराव से बचने और संयम बरतने पर जोर

नई रणनीति के तहत प्रदर्शनकारियों से अनावश्यक बहस, चिल्लाने या आक्रामक व्यवहार से बचने को कहा गया है। हालांकि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी। बीमार या घायल प्रदर्शनकारियों की मदद करने और एंबुलेंस, बुजुर्गों व स्कूली बच्चों के लिए रास्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

दरअसल, 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव हुआ था। बाद में सामने आए सीसीटीवी फुटेज में पुलिस और आरएएफ जवानों पर पत्थर व कांच की बोतलें फेंके जाने के दृश्य भी दिखाई दिए थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button