उत्तराखंड: भारी बारिश से बिगड़े हालात, हरिद्वार में जलभराव; सेलाकुई में स्वारना नदी ने सड़क और पुल को पहुंचाया नुकसान

देहरादून/हरिद्वार। उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। हरिद्वार में बाजारों और सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी, जबकि देहरादून में टोंस नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। सेलाकुई में स्वारना नदी के उफान पर आने से सड़क और पुल को नुकसान पहुंचा है।
सेलाकुई क्षेत्र में पहाड़ी इलाकों में हुई भारी बारिश के बाद स्वारना नदी का जलस्तर बढ़ गया। तेज बहाव के कारण देहरादून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने पुल के बेस को नुकसान पहुंचा। इसके अलावा रामपुर-चोई बस्ती की सड़क का करीब 50 मीटर हिस्सा भी नदी के बहाव में बह गया। सड़क क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र के करीब तीन हजार लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
पुलिस ने नदी के उफान की आशंका को देखते हुए शुक्रवार देर शाम से ही आसपास के लोगों को सतर्क करना शुरू कर दिया था। नदी किनारे रहने वाले लोगों को रात करीब 10 बजे तक सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। इसके बाद रात करीब 11 से 12 बजे के बीच स्वारना नदी तेज उफान पर आ गई।
तेज बहाव की चपेट में आने से एक व्यक्ति की बाइक भी बह गई। सड़क का हिस्सा बह जाने के बाद ग्रामीणों ने फिलहाल एक विद्यालय की चारदीवारी तोड़कर आवाजाही के लिए वैकल्पिक रास्ता बनाया है।
हरिद्वार में बाजारों और सड़कों पर भरा पानी
भारी बारिश के बाद हरिद्वार के कई इलाकों में जलभराव हो गया। कथरा बाजार और चौक बाजार समेत कई स्थानों पर सड़कों और बाजारों में पानी भरने से लोगों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव के कारण आवाजाही भी प्रभावित हुई।
टोंस नदी का जलस्तर बढ़ा
देहरादून में रातभर हुई बारिश के बाद टोंस नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है। नदी तेज बहाव के साथ उफान पर है। प्रशासन ने लोगों से नदी और नालों के आसपास नहीं जाने की अपील की है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।



