उत्तराखंड

उत्तराखंड शिक्षा विभाग: अनुरोध के आधार पर 1592 शिक्षकों-कर्मचारियों के तबादले, सूची जारी

Listen to this News

देहरादून। उत्तराखंड शिक्षा विभाग ने अनुरोध के आधार पर 1592 शिक्षकों और कर्मचारियों के तबादले किए हैं। विभाग की ओर से तबादलों की सूची जारी कर दी गई है। आदेश के अनुसार संबंधित शिक्षकों और कर्मचारियों को सात दिन के भीतर बिना प्रतिस्थानी का इंतजार किए नए विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करना होगा।

एलटी शिक्षकों के भी तबादले

तबादला सूची के अनुसार गढ़वाल मंडल में सहायक अध्यापक एलटी के 326 और कुमाऊं मंडल में 302 शिक्षकों के तबादले किए गए हैं।

माध्यमिक शिक्षा के तहत चार प्रधानाध्यापकों के भी तबादले हुए हैं। इसके अलावा 105 मिनिस्ट्रीयल कर्मचारियों का स्थानांतरण किया गया है, जिनमें 68 कर्मचारियों के पारस्परिक तबादले शामिल हैं।

प्रवक्ताओं और प्रारंभिक शिक्षा के शिक्षकों के तबादले

प्रवक्ता संवर्ग में महिला वर्ग के 26 और सामान्य वर्ग के 298 प्रवक्ताओं के तबादले किए गए हैं। वहीं प्रारंभिक शिक्षा विभाग में भी विभिन्न जिलों के शिक्षकों का स्थानांतरण हुआ है।

विभाग के अनुसार, अधिकतर तबादले दुर्गम से सुगम और सुगम से सुगम क्षेत्रों में किए गए हैं। हालांकि कुछ शिक्षकों का दुर्गम से दुर्गम क्षेत्रों में भी तबादला हुआ है।

दुर्गम स्कूलों में शिक्षकों की कमी की चिंता

अनुरोध के आधार पर बड़े पैमाने पर हुए तबादलों के बाद दुर्गम और अति दुर्गम क्षेत्रों के स्कूलों में शिक्षकों की कमी होने की आशंका जताई जा रही है। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए कम शिक्षक संख्या वाले विद्यालयों में शिक्षकों के समायोजन की जरूरत पड़ सकती है।

माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनोद सिमल्टी के अनुसार, प्रवक्ताओं के तबादले की प्रक्रिया अभी जारी है। कुछ प्रवक्ताओं के तबादले किए जा चुके हैं, जबकि बाकी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनकी सूची भी जारी की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button