चंडीगढ़: इंस्टाग्राम विवाद को लेकर भिड़े युवकों पर चढ़ाई थार, एक की मौत; दो घायल

चंडीगढ़। चंडीगढ़ के डेरिया गांव में सोशल मीडिया से जुड़े विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक पुराने इंस्टाग्राम विवाद को लेकर दो गुटों के बीच तनाव के बाद एक तेज रफ्तार महिंद्रा थार ने कथित तौर पर तीन युवकों को कुचल दिया, जिसमें 27 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना शनिवार देर रात करीब 12:30 बजे एक होटल के बाहर हुई।
परिवार और मृतक के दोस्तों का आरोप है कि यह महज सड़क हादसा नहीं, बल्कि पुराने व्यक्तिगत विवाद के चलते जानबूझकर युवकों को वाहन से कुचलने की घटना थी। हालांकि, पुलिस ने अभी इस दावे की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।
तीन युवकों को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, तीन युवक होटल के बाहर मौजूद थे, तभी तेज रफ्तार थार वहां पहुंची और उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके भाई को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा रहा है।
इंस्टाग्राम विवाद से जोड़कर देखा जा रहा मामला
परिजनों और दोस्तों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच सोशल मीडिया पर पुराने विवाद को लेकर तनाव था। इसी विवाद के चलते घटना को अंजाम दिए जाने का आरोप लगाया जा रहा है। पुलिस अब इस एंगल समेत अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि घटना सड़क हादसा थी या किसी पुराने विवाद के चलते जानबूझकर की गई कार्रवाई।



