उत्तराखंड

उत्तराखंड मौसम: आज देहरादून और टिहरी में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, दून में स्कूल-आंगनबाड़ी बंद

Listen to this News

देहरादून। उत्तराखंड में बारिश का दौर फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने एक सितंबर को देहरादून और टिहरी जिले में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, मौसम की स्थिति को देखते हुए देहरादून जिले में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में मंगलवार को अवकाश घोषित किया गया है।

आठ जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने देहरादून और टिहरी के अलावा पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल और हरिद्वार में बिजली चमकने के साथ तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार छह सितंबर तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है।

शाम को मूसलाधार बारिश से बने बाढ़ जैसे हालात

सोमवार को दिनभर बारिश से कुछ राहत मिली, लेकिन शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट ली। करीब एक घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश के कारण देहरादून के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई।

दर्शनलाल चौक, एस्लेहॉल चौक, रेलवे स्टेशन, प्रिंस चौक और माजरा समेत कई क्षेत्रों में पानी भर गया। इससे राहगीरों और खासकर दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

नदी-नालों के किनारे रहने वालों को अलर्ट

लगातार बारिश के कारण नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए देहरादून पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है। पुलिस की टीमें संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी कर रही हैं।

लाउड हेलर के जरिए नदी और नालों के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क किया जा रहा है। लोगों से बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी-नालों के किनारे न जाने की अपील की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button