अल्मोड़ा: भारी बारिश के बीच मकान में घुसा मलबा, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मंगलवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। सोमेश्वर तहसील के हवालबाग ब्लॉक स्थित वडयूड़ा गांव में पहाड़ी से आया मलबा एक मकान में घुस गया। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मलबे में दबने से मौत हो गई।
रात करीब दो बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, तेज बारिश के दौरान देर रात करीब दो बजे पहाड़ी से अचानक मलबा खिसककर मकान में घुस गया। उस समय परिवार के सदस्य घर के अंदर थे। मलबे की चपेट में आने से एक महिला और उसके बेटा-बेटी दब गए।
मृतकों की पहचान प्रेमा देवी, कल्पना आर्या और मनीष कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
SDRF और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, फायर सर्विस, आपदा प्रबंधन विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। टीमों ने मलबा हटाकर राहत और बचाव अभियान शुरू किया।
लगातार बारिश के बीच राहत-बचाव कार्य में भी मुश्किलें सामने आईं। प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर स्थिति का जायजा ले रही हैं।
भारी बारिश से बढ़ा भूस्खलन का खतरा
अल्मोड़ा समेत उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन और मलबा आने की घटनाएं बढ़ गई हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है।



