
देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने विभिन्न विभागों में समूह-ग के 553 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है। भर्ती में कनिष्ठ सहायक, कंप्यूटर सहायक, निबंधन लिपिक, टेलीफोन ऑपरेटर और सर्वे लेखपाल समेत कई पद शामिल हैं।
8 सितंबर से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन
अभ्यर्थी 8 सितंबर 2026 से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 7 अक्तूबर 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन पत्र में संशोधन के लिए 12 से 14 अक्तूबर तक का समय दिया जाएगा। भर्ती परीक्षा की प्रस्तावित तिथि 15 नवंबर 2026 है।
12वीं पास अभ्यर्थी भी कर सकेंगे आवेदन
अधिकांश पदों के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता 12वीं पास निर्धारित की गई है। लिपिकीय पदों के लिए कंप्यूटर पर हिंदी टंकण में न्यूनतम 4000 की-डिप्रेशन प्रति घंटे की गति अनिवार्य होगी। आयु की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। सामान्य पदों के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 42 वर्ष रखी गई है।
100 अंकों की होगी लिखित परीक्षा
भर्ती के लिए दो घंटे की 100 अंकों की वस्तुनिष्ठ ऑफलाइन लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें सामान्य हिंदी से 20 अंक, सामान्य ज्ञान एवं सामान्य अध्ययन से 40 अंक और उत्तराखंड के सामान्य ज्ञान से 40 अंक के प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा में प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.25 अंक की निगेटिव मार्किंग होगी।
प्रमुख पदों का विवरण
भर्ती में विभिन्न विभागों और कलेक्ट्रेट कार्यालयों में कनिष्ठ सहायक/कनिष्ठ सहायक सह डाटा एंट्री ऑपरेटर के 6 पद, निबंधन लिपिक के 55 पद, सहायक खनिज पर्यवेक्षक के 22 पद, सर्वे लेखपाल के 16 पद, कंप्यूटर सहायक के 9 पद और राज्यपाल सचिवालय में टेलीफोन ऑपरेटर का 1 पद शामिल है।
इतना देना होगा आवेदन शुल्क
अनारक्षित और उत्तराखंड ओबीसी अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 300 रुपये निर्धारित किया गया है। एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 150 रुपये रखा गया है।



