उत्तराखंड

उत्तराखंड विधानसभा मानसून सत्र: अनुपूरक बजट पेश करने की तैयारी, विभागों से 18 सितंबर तक मांगे प्रस्ताव

Listen to this News

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के अनुपूरक बजट की तैयारियां शुरू कर दी हैं। वित्त विभाग ने सभी विभागों से उनके विकास कार्यों और आवश्यकताओं के आधार पर बजट प्रस्ताव मांगे हैं। प्रस्ताव भेजने की अंतिम तिथि 18 सितंबर निर्धारित की गई है। सरकार आगामी विधानसभा मानसून सत्र में अनुपूरक बजट पेश करने की तैयारी कर रही है।

सितंबर के अंत या अक्तूबर में हो सकता है सत्र

उत्तराखंड विधानसभा का मानसून सत्र कब और कहां आयोजित होगा, इसका अंतिम निर्णय अभी सरकार को लेना है। माना जा रहा है कि सत्र सितंबर के अंत या अक्तूबर के पहले सप्ताह में आयोजित हो सकता है।

धामी सरकार के मौजूदा कार्यकाल का यह अंतिम विधानसभा सत्र होगा। आमतौर पर अनुपूरक बजट शीतकालीन सत्र में पेश किया जाता है, लेकिन इस बार सरकार इसे मानसून सत्र में ही लाने की तैयारी कर रही है।

5500 करोड़ रुपये के आसपास हो सकता है अनुपूरक बजट

वित्त विभाग की ओर से सभी विभागों को पत्र जारी कर उनके प्रस्ताव मांगे गए हैं। विभागों से प्राप्त प्रस्तावों की जांच और आवश्यकता के आकलन के बाद अनुपूरक बजट को अंतिम रूप दिया जाएगा।

बीते वित्तीय वर्ष में सरकार ने 5,315 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया था। इस बार भी अनुपूरक बजट का आकार करीब 5,500 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। वित्त सचिव दिलीप जावलकर ने बताया कि सभी विभागों से 18 सितंबर तक प्रस्ताव मांगे गए हैं।

विकास कार्यों के लिए मांगी गई बजट जरूरत

वित्त विभाग ने विभागों से मौजूदा विकास कार्यों और अन्य आवश्यक योजनाओं के लिए अतिरिक्त बजट की जरूरत का विवरण मांगा है। प्राप्त प्रस्तावों का परीक्षण करने के बाद सरकार अनुपूरक बजट तैयार करेगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button