उत्तराखंड: परिवहन निगम कर्मचारियों को तीन महीने बाद मिला वेतन चेक, तारीख ने बढ़ाई परेशानी

काशीपुर। उत्तराखंड परिवहन निगम के कर्मचारियों के लिए वेतन का इंतजार खत्म होने के बजाय नई परेशानी खड़ी हो गई। काशीपुर डिपो में कार्यरत दो कर्मचारियों को करीब तीन महीने बाद जून महीने के वेतन का चेक मिला, लेकिन चेक पर 29 अगस्त 2029 की तारीख दर्ज थी। वर्ष 2026 में 2029 की तारीख वाला चेक मिलने से कर्मचारी हैरान रह गए।
तीन महीने से वेतन का इंतजार
काशीपुर डिपो में लिपिक के पद पर कार्यरत पंकज भटनागर और दीपक जोशी को लंबे इंतजार के बाद जून का वेतन चेक के माध्यम से दिया गया। कर्मचारियों को उम्मीद थी कि वेतन मिलने से उनकी आर्थिक परेशानियां कुछ कम होंगी, लेकिन चेक पर भविष्य की तारीख देखकर मामला और उलझ गया।
दरअसल, चेक पर 29 अगस्त 2029 की तारीख अंकित है। ऐसे में कर्मचारियों के सामने सवाल है कि वे तीन साल बाद की तारीख वाले चेक से वर्तमान में अपना वेतन कैसे प्राप्त कर पाएंगे। तीन महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण पहले से आर्थिक संकट झेल रहे कर्मचारियों की परेशानी गलत तारीख वाले चेक से और बढ़ गई है।
कर्मचारी यूनियन ने जताई नाराजगी
रोडवेज कर्मचारी यूनियन के मंत्री पंकज भटनागर ने इस मामले को गंभीर लापरवाही बताया। उनका कहना है कि वेतन जैसे महत्वपूर्ण मामले में चेक जारी करने से पहले तारीख और अन्य विवरणों की जांच की जानी चाहिए थी। कर्मचारियों ने मांग की है कि गलत चेक को तत्काल निरस्त कर सही तारीख वाला नया चेक जारी किया जाए।
वित्त विभाग ने जल्द सुधार का दिया भरोसा
काठगोदाम के सहायक महाप्रबंधक वित्त मनोज कुमार दुर्गापाल ने चेक में हुई गड़बड़ी को गंभीर लापरवाही माना। उन्होंने कहा कि चेक जारी करने के दौरान गलती हुई है और जल्द ही कर्मचारियों को नया चेक जारी कर वेतन का भुगतान किया जाएगा।
वेतन भुगतान में हुई इस गड़बड़ी ने परिवहन निगम की कार्यप्रणाली और कर्मचारियों को समय पर वेतन देने की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।



