उत्तराखंड

उत्तराखंड राजनीति: खरगे की रैली के बाद ‘शुद्धिकरण’ पर गरमाई सियासत, हरीश रावत का भाजपा पर पलटवार

Listen to this News

देहरादून: हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद कार्यक्रम स्थल पर कथित शुद्धिकरण को लेकर उत्तराखंड की सियासत गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने इस मुद्दे को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि ऐसी मानसिकता के शुद्धिकरण की जरूरत है और इस तरह की घटना संविधान व कानून का अपमान है।

हरीश रावत ने भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में आरोप लगाया कि हल्द्वानी में खरगे की रैली के बाद कार्यक्रम स्थल पर शुद्धिकरण की कार्रवाई भाजपा की ‘अशुद्ध मानसिकता’ को दर्शाती है। उन्होंने दावा किया कि शुद्धिकरण करने वालों का सीधा संबंध भाजपा और आरएसएस से है।

रावत ने इस मामले में प्रदेश और केंद्र सरकार की चुप्पी पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि शुद्धिकरण की यह घटना संविधान का अपमान और कानून का उल्लंघन है।

‘शुद्धिकरण करने वालों पर हो कार्रवाई’

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ इस तरह की घटना हो सकती है, तो गांवों में रहने वाले आम लोगों को किस तरह के अपमान का सामना करना पड़ता होगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।

उन्होंने शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगी।

विवाद के केंद्र में हल्द्वानी का कार्यक्रम स्थल

दरअसल, हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद कार्यक्रम स्थल पर कथित तौर पर शुद्धिकरण किए जाने को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने हैं। कांग्रेस ने इसे जातिगत भेदभाव और दलित समुदाय के अपमान से जोड़ते हुए कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, भाजपा की ओर से इस मामले में कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया गया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि घटना को जातिगत रंग दिया जा रहा है। आयोजन से जुड़े लोगों ने भी शुद्धिकरण की वजह मंच पर गंदगी को बताया है और जातिगत भेदभाव के आरोपों से इनकार किया है।

मामला अब राजनीतिक टकराव में बदला

हल्द्वानी का यह विवाद अब कांग्रेस और भाजपा के बीच बड़े राजनीतिक टकराव का मुद्दा बन गया है। कांग्रेस इस मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर आंदोलन की तैयारी कर रही है, जबकि भाजपा की ओर से भी कांग्रेस नेताओं के आरोपों का जवाब दिया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button