उत्तराखंड

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी: जयघोष के बीच गूंजा नशामुक्ति और राष्ट्रभक्ति का संदेश, सीएम-राज्यपाल भी पहुंचे

Listen to this News

देहरादून: रेसकोर्स स्थित पुलिस लाइन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का भव्य उत्सव आयोजित किया गया। इस बार कार्यक्रम में भक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ नशामुक्ति और राष्ट्रभक्ति का संदेश भी प्रमुखता से दिया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जयघोष के बीच लोकगीत, रैप और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद मुंबई आर्ट ग्रुप के कलाकारों ने गणेश वंदना प्रस्तुत की।

लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी की प्रस्तुति ने बांधा समां

कार्यक्रम में प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी ने गढ़वाली गीतों की प्रस्तुति दी। उनके गीतों पर दर्शक झूमते नजर आए। इसके अलावा बच्चों और छात्रों ने भी विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।

रैप के जरिए नशे के खिलाफ जागरूकता

जन्माष्टमी समारोह में एक बच्चे ने रैप के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। वहीं, छात्रों के एक समूह ने ऑपरेशन सिंदूर पर प्रस्तुति देकर देशभक्ति की भावना को प्रदर्शित किया। दोनों प्रस्तुतियों को दर्शकों की खूब तालियां मिलीं।

कलाकारों को किया गया सम्मानित

समारोह के दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी, इंदर आर्य, करिश्मा शाह समेत अन्य कलाकारों को सम्मानित किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिस लाइन परिसर ‘हरे कृष्णा’ के जयघोष से गूंजता रहा।

कार्यक्रम में राज्यपाल की पत्नी गुरमीत कौर, मुख्यमंत्री की पत्नी गीता धामी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री खजानदास, डीजीपी दीपम सेठ और एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोबाल समेत कई लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button