बागेश्वर में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित, सरयू-गोमती का जलस्तर बढ़ा; 15 सड़कें बंद

बागेश्वर जिले में बीती रात से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। लगातार बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं और सरयू व गोमती नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। वहीं, मलबा और भूस्खलन आने से जिले की 15 सड़कें यातायात के लिए बंद हो गई हैं।
आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, जिले में एक राज्य मार्ग और 14 ग्रामीण मोटर मार्ग समेत कुल 15 सड़कें अवरुद्ध हैं। कई मार्गों पर मलबा और बोल्डर आने से आवाजाही पूरी तरह ठप है। प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से मार्गों को खोलने का प्रयास किया जा रहा है।
24 घंटे में 21.67 मिमी बारिश
आपदा नियंत्रण कक्ष के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में जिले में औसतन 21.67 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बागेश्वर में 30 मिमी, गरुड़ में 19 मिमी और कपकोट में 16 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।
बारिश के कारण सरयू नदी का जलस्तर 866.90 मीटर और गोमती नदी का जलस्तर 864.30 मीटर दर्ज किया गया। बैजनाथ बैराज का पोंड लेवल 1113 मीटर रहा, जबकि बैराज से 1806.19 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
लगातार बारिश और जगह-जगह सड़कें बंद होने से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों और बंद मार्गों पर स्थिति पर नजर बनाए रखी है।



