उत्तराखंड: भगवत प्रसाद मकवाना बने राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष, कैशब बिहारी को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने उत्तराखंड के भगवत प्रसाद मकवाना को राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं, कैशब बिहारी को आयोग का उपाध्यक्ष बनाया गया है। दोनों नियुक्तियां मौजूदा आयोग के शेष कार्यकाल यानी 31 मार्च 2028 तक प्रभावी रहेंगी।
भगवत प्रसाद मकवाना के पास सामाजिक क्षेत्र में काम करने का लंबा अनुभव है। उन्होंने विशेष रूप से अनुसूचित जातियों के कल्याण और सशक्तीकरण से जुड़े मामलों में काम किया है। इससे पहले वह उत्तराखंड सरकार के सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष और अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
मकवाना अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर हैं। वह एनएचपीसी के बोर्ड में स्वतंत्र निदेशक भी रह चुके हैं। इसके अलावा वे हाथ से मैला ढोने के काम पर रोक और सफाई कर्मचारियों के पुनर्वास से जुड़े वर्ष 2013 के कानून के तहत गठित केंद्रीय निगरानी समिति के सदस्य भी रहे हैं।
राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में भी मकवाना सक्रिय रहे हैं। उन्होंने भाजपा में अनुसूचित जाति मोर्चा के उपाध्यक्ष समेत कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग का अध्यक्ष बनने के बाद अब उनके सामने सफाई कर्मचारियों के कल्याण, अधिकारों और पुनर्वास से जुड़े मुद्दों पर काम करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।



