उत्तराखंड: युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का बड़ा मौका, समूह-ग की सात भर्तियों का संशोधित कैलेंडर जारी

देहरादून: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अहम खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने समूह-ग की सात भर्तियों के लिए संशोधित परीक्षा कैलेंडर जारी किया है। आयोग ने अभ्यर्थियों के अनुरोध के आधार पर कुछ परीक्षाओं की तिथियों में बदलाव किया है।
आयोग के सचिव एनएस डुंगरियाल की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, पशुधन प्रसार अधिकारी, सर्वेक्षक और साहसिक खेल अधिकारी की परीक्षा अब 20 सितंबर के बजाय 18 अक्तूबर को आयोजित होगी। वहीं कैमरामैन और प्राविधिक सहायक इतिहास की परीक्षा 18 अक्तूबर के बजाय 20 सितंबर को होगी।
सहायक लेखाकार की परीक्षा की तारीख भी बदली गई है। अब यह परीक्षा चार अक्तूबर के बजाय एक नवंबर को होगी। वैयक्तिक सहायक की परीक्षा एक नवंबर के स्थान पर 20 दिसंबर को प्रस्तावित है। विज्ञान इंटर और स्नातक स्तर के पदों की परीक्षा 17 जनवरी को ही आयोजित की जाएगी। आयोग ने बताया कि पिछले कैलेंडर में एक परीक्षा के वर्ष को गलती से 2026 प्रकाशित कर दिया गया था, जिसे अब 2027 किया गया है।
वैयक्तिक सहायक और आशुलिपिक के 101 पदों पर भर्ती
इसके साथ ही आयोग ने वैयक्तिक सहायक, आशुलिपिक, आशुलिपिक ग्रेड-2, स्टेनोग्राफर समेत अन्य समूह-ग के 101 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 सितंबर से शुरू होकर 14 अक्तूबर तक चलेगी। अभ्यर्थी 17 से 19 अक्तूबर के बीच अपने आवेदन में त्रुटि सुधार कर सकेंगे। लिखित परीक्षा की संभावित तारीख 20 दिसंबर निर्धारित की गई है।
ये नियुक्तियां राज्य के 19 अलग-अलग विभागों में की जाएंगी। इनमें आवास विभाग में 22 वैयक्तिक सहायक, आयुक्त कुमाऊं मंडल में 16 और वन निगम में 10 पद शामिल हैं।
वैयक्तिक सहायक पद के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 से 42 वर्ष के बीच होनी चाहिए। शैक्षिक योग्यता 12वीं पास के साथ 80 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग गति निर्धारित की गई है। आशुलिपिक पद के लिए 12वीं पास होने के साथ हिंदी और अंग्रेजी आशुलेखन में न्यूनतम 80 शब्द प्रति मिनट तथा टाइपिंग में 40 शब्द प्रति मिनट की गति आवश्यक है।
अनारक्षित और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 300 रुपये, जबकि एससी, एसटी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 150 रुपये निर्धारित किया गया है।



