उत्तराखंड

देहरादून में बैंककर्मी को गोली: बहन के साथ स्कूटर से घर जा रहा था युवक, बाइक सवारों ने रोककर चलाई गोली

Listen to this News

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में मंगलवार रात बाइक सवार युवकों ने एक निजी बैंक कर्मचारी को गोली मार दी। घटना उस समय हुई जब युवक अपनी चचेरी बहन के साथ स्कूटर से घर लौट रहा था। गोली पेट को छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत खतरे से बाहर है।

बड़ोवाला में बाइक सवारों ने रोका स्कूटर

पुलिस के अनुसार, डीएसपी चौक निवासी सत्यम पटेलनगर क्षेत्र स्थित उज्जीवन बैंक में काम करते हैं। मंगलवार रात करीब आठ बजे वह अपनी चचेरी बहन के साथ स्कूटर से घर जा रहे थे। बड़ोवाला क्षेत्र में एक बाइक आकर उनके स्कूटर के सामने रुक गई।

सत्यम ने जैसे ही स्कूटर रोका, बाइक सवारों में से एक युवक ने फायरिंग कर दी। गोली सत्यम के पेट को छूकर निकल गई। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर आसपास के लोग जमा हो गए।

पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में चेकिंग शुरू कर दी और आरोपियों की तलाश में नाकेबंदी की गई।

सीओ सदर अंकित कंडारी के मुताबिक, पुलिस सत्यम की चचेरी बहन से घटना के संबंध में जानकारी ले रही है। अभी तक किसी विवाद की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस पुरानी रंजिश समेत कई पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। देर रात तक आरोपियों का पता नहीं चल सका था।

17 दिन में फायरिंग की दूसरी घटना

पटेलनगर क्षेत्र में करीब 17 दिन के भीतर गोली चलने की यह दूसरी घटना बताई जा रही है। इससे पहले 20 अगस्त को कुछ युवकों के बीच विवाद के बाद शिमला बाईपास तिराहे पर फायरिंग हुई थी, जिसमें एक युवक को गोली लगी थी। पुलिस ने बाद में आरोपियों को गिरफ्तार किया था और जांच में दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश की बात सामने आई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button