देश

गर्भवती की हत्या: लुधियाना में पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट, दादा ससुर भी गिरफ्तार

Listen to this News

लुधियाना के बुर्ज लिट्टां गांव में चार महीने की गर्भवती 23 वर्षीय हरप्रीत कौर की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पति जसप्रीत सिंह जस्सा और दादा ससुर नगिंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। वहीं, मृतका के ससुर जगदीप सिंह की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, हरप्रीत की शादी की पहली सालगिरह से कुछ दिन पहले उसकी हत्या हुई। वह चार महीने की गर्भवती थी और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई। मृतका के चाचा दर्शन सिंह की शिकायत पर पुलिस ने पति, ससुर और दादा ससुर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और हत्या समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया है।

परिजनों का आरोप है कि हरप्रीत अपने पति की नशे की लत से परेशान थी। आरोप है कि पति उसे नशा छोड़ने का भरोसा देकर वापस घर ले आया था। मंगलवार तड़के उसका शव बिस्तर पर चादर से ढका मिला। शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए।

पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की। वे शव को बाइक पर लेकर घूमते रहे, लेकिन घबराकर वापस घर ले आए। इसके बाद शव को एक दोस्त के घर ले जाकर कार से ठिकाने लगाने का प्रयास किया गया, लेकिन कार में तेल खत्म होने के कारण शव फिर घर लाया गया।

लुधियाना के पुलिस अधीक्षक डॉ. अंकुर गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम गठित की गई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार आरोपी जगदीप सिंह की तलाश जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button