उत्तराखंड

देहरादून: झबरावाला गांव में हाथी के हमले से ग्रामीण की मौत, दहशत और आक्रोश

Listen to this News

देहरादून। डोईवाला के कांसरो वन रेंज के झबरावाला गांव में हाथी के हमले से एक ग्रामीण की मौत हो गई। घटना शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे की है। मृतक की पहचान 55 वर्षीय जमील पुत्र असगर अली के रूप में हुई है। हादसे के बाद गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति आक्रोश है।

स्कूटी से घर लौट रहे थे जमील

जानकारी के अनुसार, जमील अपने साथी नफीस के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। गांव के खेतों के पास हाथीकुंड क्षेत्र में अचानक एक हाथी उनके सामने आ गया। दोनों हाथी को देखकर घबराकर भागने लगे। इसी दौरान हाथी ने जमील को अपनी चपेट में ले लिया और उठाकर जमीन पर पटक दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्कूटी चला रहे नफीस ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया। ग्रामीणों की सहायता से घायल जमील को हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही कांसरो वन रेंज के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली।

हाथियों की बढ़ती आवाजाही से ग्रामीण परेशान

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। हाथी सुरक्षा दीवार को कूदकर या तोड़कर खेतों और आबादी वाले क्षेत्रों में प्रवेश कर रहे हैं। इससे ग्रामीणों को जान-माल के नुकसान का खतरा बना हुआ है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की आबादी क्षेत्र में आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। घटना के बाद गांव में शोक के साथ-साथ आक्रोश भी है।

परिवार के लिए मुआवजे की मांग

ग्राम प्रधान परमिंदर सिंह ने बताया कि मृतक जमील खेती-किसानी के साथ मजदूरी का काम भी करते थे और अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उन्होंने घटना को बेहद दुखद बताते हुए हाथियों की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।

ग्राम प्रधान ने वन विभाग से मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है। परिजनों द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button