उत्तराखंड

हरिद्वार में आवारा कुत्तों का आतंक: नीलगाय पर हमला कर मौत के घाट उतारा, स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण चिंतित

Listen to this News

हरिद्वार: झबरेड़ा क्षेत्र के बेहडेकी सैदाबाद गांव में सोमवार दोपहर आवारा कुत्तों के झुंड ने एक नीलगाय पर हमला कर दिया। कुत्तों ने नीलगाय को घेरकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जान बचाने के लिए नीलगाय गांव की ओर भागी, लेकिन श्रीकृष्ण मंदिर तिराहे के पास चकरोड पर गिर गई। ग्रामीणों ने शोर मचाकर कुत्तों को भगाया, लेकिन तब तक नीलगाय की मौत हो चुकी थी।

ग्रामीणों के अनुसार, नीलगाय गर्भवती थी और इसी वजह से वह तेजी से भाग नहीं पाई। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से गड्ढा खुदवाकर मृत नीलगाय को दफना दिया।

ग्रामीणों ने बताया कि जंगल क्षेत्र में आवारा और मांसाहारी कुत्तों के झुंड लगातार घूमते रहते हैं। इनसे जंगली जानवरों के साथ ही ग्रामीणों को भी खतरा बना हुआ है। गांव के आसपास स्कूली बच्चों का आवागमन भी रहता है, जिससे अभिभावकों में चिंता है। ग्रामीणों ने वन विभाग और संबंधित अधिकारियों से आवारा कुत्तों के झुंड पर अंकुश लगाने की मांग की है। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button