हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर सफाई अभियान: 22,400 से अधिक प्लास्टिक बोतलें और चार हजार से ज्यादा कचरा सामग्री एकत्र

चमोली: हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी के यात्रा मार्गों पर बढ़ते प्लास्टिक कचरे को रोकने के लिए लगातार सफाई अभियान चलाया जा रहा है। ईको विकास समिति (ईडीसी) ने इस वर्ष अब तक दोनों मार्गों से 22 हजार 400 से अधिक प्लास्टिक बोतलें और चार हजार से ज्यादा प्लास्टिक बैग, रेपर व रेनकोट एकत्र किए हैं।
समिति की ओर से 20 मई से दोनों यात्रा मार्गों पर प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट एकत्र करने का अभियान चलाया जा रहा है। एकत्रित कचरे को घांघरिया होते हुए पुलना लाया जाता है, जहां उसका पुनर्चक्रण किया जाता है।
ईडीसी भ्यूंडार के अध्यक्ष प्रवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि करीब 60 पर्यावरण मित्र रोजाना सफाई अभियान में जुटे हैं। उच्च हिमालयी क्षेत्र की विषम परिस्थितियों के बावजूद पर्यावरण और जैव विविधता संरक्षण के लिए अभियान लगातार जारी है।
तीन लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे हेमकुंड साहिब
इस वर्ष हेमकुंड साहिब के कपाट 23 मई और फूलों की घाटी के कपाट एक जून को खुले थे। अब तक हेमकुंड साहिब में तीन लाख 21 हजार श्रद्धालु और फूलों की घाटी में 28 हजार से अधिक पर्यटक पहुंच चुके हैं।
पर्वतीय यात्रा मार्गों पर बढ़ता प्लास्टिक कचरा पर्यावरण के लिए बड़ी चुनौती बन रहा है। सफाई अभियान के जरिए कचरे को हटाने के साथ ही हिमालयी क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और जैव विविधता को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।



