उत्तराखंड: सड़कों को जल्द गड्ढामुक्त करने के निर्देश, 15 अक्तूबर के बाद सीएम धामी खुद करेंगे दौरा

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मानसून के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत और उन्हें जल्द गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को सचिवालय में हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों से सड़क सुधार कार्यों में तेजी लाने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 अक्तूबर के बाद वह स्वयं सड़क मार्ग से यात्रा कर सड़कों की स्थिति का जायजा लेंगे। उन्होंने जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में सड़कों की नियमित समीक्षा करने और संबंधित विभागों व कार्यदायी संस्थाओं के काम की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएम धामी ने सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को भी कहा। उन्होंने अधिकारियों को बारिश से हुए नुकसान के बाद सड़कों की स्थिति सुधारने में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तीसरे चरण को प्रभावी बनाने, सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और जनसमस्याओं का यथासंभव मौके पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इसके अलावा स्वाइन फ्लू समेत संक्रामक और जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए अस्पतालों में सफाई, दवाइयों और चिकित्सा सामग्री की उपलब्धता की समीक्षा करने के निर्देश जिलाधिकारियों को दिए गए।



