हरिद्वार में राष्ट्रीय खेल-2026: स्वामी रामदेव ने युवा खिलाड़ियों संग दिखाया दम, गुरुकुल ने जीते कई पदक

हरिद्वार में भारतीय शिक्षा बोर्ड की ओर से संचालित आचार्यकुलम में दूसरे राष्ट्रीय खेल-2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में स्वामी दर्शनानंद गुरुकुल के खिलाड़ियों ने कबड्डी, फुटबॉल, बास्केटबॉल और बैडमिंटन में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक और स्थान हासिल किए।
स्वामी रामदेव ने भी युवा प्रतिभागियों के साथ कबड्डी के मैदान में उतरकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया और खिलाड़ियों को खेल की बारीकियों से परिचित कराया।
कबड्डी प्रतियोगिता में गुरुकुल की टीम ने अंडर-14 और अंडर-17 वर्ग में आचार्यकुलम को हराकर पहला स्थान प्राप्त किया। फुटबॉल में गुरुकुल को अंडर-14 में तीसरा, अंडर-17 में दूसरा और अंडर-19 वर्ग में तीसरा स्थान मिला।
बास्केटबॉल में अंडर-17 वर्ग में तीसरा और अंडर-19 वर्ग में दूसरा स्थान हासिल किया गया। बैडमिंटन में भी गुरुकुल के खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में पदक जीते।
वहीं, बैडमिंटन प्रतियोगिता में आचार्यकुलम का दबदबा रहा। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्गों में आचार्यकुलम ने पहला स्थान हासिल किया। समग्र अंकों के आधार पर भी आचार्यकुलम प्रथम रहा। विजेता खिलाड़ियों के सम्मान में समारोह आयोजित कर उन्हें बधाई दी गई।



