उत्तराखंड
मसूरी में हादसा: गज्जी बैंड के पास अनियंत्रित स्कॉर्पियो खाई में गिरी, पांच युवक सुरक्षित बचाए गए

मसूरी में बुधवार देर शाम गज्जी बैंड के पास एक स्कॉर्पियो-एन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई की तरफ जा गिरा। वाहन में पांच युवक सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
संयुक्त बचाव अभियान के दौरान वाहन में फंसे सभी पांच युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद सभी को 108 एंबुलेंस की मदद से उप जिला चिकित्सालय, मसूरी भेजा गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
पुलिस के अनुसार, वाहन में सवार युवक गाजियाबाद और मुजफ्फरनगर के रहने वाले हैं। उनकी पहचान उज्जवल त्यागी, चिराग त्यागी, अभिषेक त्यागी, यश त्यागी और हनी त्यागी के रूप में हुई है।
पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई पूरी कर ली है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।



