झारखंड के 2.20 करोड़ रुपये के इनामी माओवादी असीम मंडल ने कोलकाता STF के सामने किया आत्मसमर्पण

रांची। झारखंड के इनामी माओवादी असीम मंडल उर्फ आकाश ने गुरुवार को कोलकाता स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। असीम मंडल पर झारखंड सरकार ने एक करोड़ रुपये और ओडिशा सरकार ने 1.20 करोड़ रुपये का इनाम घोषित किया था। इस तरह उस पर कुल 2.20 करोड़ रुपये का इनाम था।
पश्चिम बंगाल के पश्चिमी मेदिनीपुर जिले के चंद्रकोना थाना क्षेत्र का रहने वाला असीम मंडल सारंडा क्षेत्र में सक्रिय रहा है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में 55 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
असीम मंडल के दस्ते पर पश्चिमी सिंहभूम जिले के तुंबाहाका और जरायकेला समेत कई क्षेत्रों में सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के आरोप हैं। उसके दस्ते से जुड़ी मुठभेड़ों और आईईडी विस्फोटों में कई सुरक्षाकर्मी घायल हुए, जबकि कुछ जवानों की जान भी गई।
अब असीम मंडल के आत्मसमर्पण के बाद झारखंड पुलिस की टीम कोलकाता जाकर उससे पूछताछ करेगी। इस दौरान उसके अन्य साथियों, हथियारों और माओवादी गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटाई जाएगी।



