देहरादून रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों में सघन जांच, खानपान की गुणवत्ता परखी; धूम्रपान करने वाले यात्री पर ₹2,000 जुर्माना

देहरादून रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित खानपान उपलब्ध कराने के लिए रेलवे ने शुक्रवार को विशेष जांच अभियान चलाया। सुबह से शाम सात बजे तक देहरादून आने वाली ट्रेनों की जांच की गई। इस दौरान भोजनयान, लघु भोजनयान और स्टेशन पर उपलब्ध खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता परखी गई।
जांच के दौरान शताब्दी एक्सप्रेस के लघु भोजनयान से टमाटर सूप का नमूना लिया गया, जिसे प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है। इससे पहले पनीर का नमूना भी जांच के लिए भेजा जा चुका है। अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान ट्रेन में धूम्रपान करने वाले एक यात्री पर ₹2,000 का जुर्माना भी लगाया गया। इसके साथ ही यात्रियों को रेलवे की विभिन्न सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी देने वाले रेलवन एप के बारे में भी जागरूक किया गया।
स्वच्छता पखवाड़े की शुरुआत
रेलवे की ओर से 17 सितंबर से 15 अक्तूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा भी शुरू किया गया है। इस दौरान रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।



