मध्य प्रदेश: आगर-मालवा में बरसाती नाले में बही श्रद्धालुओं की कार, तीन बच्चों समेत 8 लोगों की मौत

मध्य प्रदेश के आगर-मालवा जिले के नलखेड़ा में मूसलाधार बारिश के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। मां बगलामुखी मंदिर के पास तेज बहाव वाले बरसाती नाले को पार करते समय श्रद्धालुओं से भरी एक कार पानी की चपेट में आकर बह गई। हादसे में कार सवार तीन बच्चों समेत आठ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन पुरुष और दो महिलाएं भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान नाले में पानी का बहाव तेज था और कार उसे पार करने की कोशिश में अचानक पानी की धार में बह गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू टीम ने नाले से कार और सभी शवों को बाहर निकाल लिया है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन ने लोगों से तेज बारिश के दौरान बरसाती नालों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों के आसपास नहीं जाने की अपील की है।



