हरिद्वार: अवैध संबंध को लेकर युवक की हत्या, पति-पत्नी गिरफ्तार; दो अन्य आरोपियों की तलाश

हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र में बिजनौर निवासी 50 वर्षीय गोपाल कुमार की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, गोपाल के एक महिला से संबंध थे। आरोप है कि वह महिला पर अपने पति और बच्चों को छोड़कर उसके साथ चलने का दबाव बना रहा था। महिला के विरोध करने पर उसे कथित तौर पर अश्लील वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी भी दी गई। परेशान होकर महिला ने यह बात अपने पति को बताई। इसके बाद पति ने पत्नी, उसके भाई और गांव के एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक, साजिश के तहत 16 सितंबर को महिला ने गोपाल को हरिद्वार बुलाया। रात में उसे दूधियाबंद के पास गंगा घाट ले जाया गया। वहां खाना खाने और शराब पीने के बाद जब गोपाल सो गया, तो पहले से मौजूद आरोपियों ने कथित तौर पर चापड़ और छुरी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसका मोबाइल फोन और पर्स गंगा में फेंक दिया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लोहे का चापड़ बरामद किया है।
17 सितंबर को दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में गोपाल का शव मिला था। शव के पास बिजनौर जाने वाली बस का टिकट मिला था, लेकिन पहचान से जुड़े दस्तावेज नहीं मिले। 20 सितंबर को हरिद्वार पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान गोपाल कुमार के रूप में की। इसके बाद मृतक के बेटे की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से जांच आगे बढ़ाई और 21 सितंबर को मोतीचूर रेलवे स्टेशन से आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार किया। पुलिस अब मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।



