हरिद्वार: बाइक मैकेनिक हत्याकांड के खुलासे में देरी पर आक्रोश, भीम आर्मी ने घेरी कोतवाली

हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र के शांतरशाह गांव में बाइक मैकेनिक हैप्पी की हत्या के मामले में एक सप्ताह बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर मंगलवार को विरोध प्रदर्शन हुआ। भीम आर्मी जय भीम संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बहादराबाद कोतवाली का घेराव कर पुलिस से जल्द हत्याकांड का खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।
जानकारी के अनुसार, 14 सितंबर की शाम 26 वर्षीय हैप्पी अपनी बाइक मैकेनिक की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान नकाबपोश बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे।
पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस के खोखे बरामद किए थे और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस के अनुसार, हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
प्रदर्शन के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। सीओ ज्वालापुर ने दो-तीन दिन में गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया। संगठन ने तय समय में गिरफ्तारी नहीं होने पर आगे धरना और भूख हड़ताल की चेतावनी दी है।



