नैनीताल: मां नंदा-सुनंदा की भव्य शोभायात्रा आज, डोला विसर्जन के साथ होगा महोत्सव का समापन

नैनीताल में चल रहे श्री नंदा देवी महोत्सव का बुधवार को भव्य शोभायात्रा और मां नंदा-सुनंदा के डोला विसर्जन के साथ समापन होगा। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
मां नंदा-सुनंदा का डोला नयना देवी मंदिर से रवाना होगा। इस वर्ष लोअर मॉलरोड पर निर्माण और सुरक्षा कार्य चलने के कारण शोभायात्रा का मार्ग बदला गया है। डोला अपर मॉलरोड से होते हुए आगे जाएगा।
महोत्सव के समापन को देखते हुए प्रशासन ने नैनीताल, भवाली और भीमताल के नगर क्षेत्रों में 23 सितंबर को सभी शिक्षण संस्थानों के लिए एक दिन का अवकाश घोषित किया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी तैयारियां की हैं।
नंदा देवी महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में लगातार श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही है। पुलिस के खोया-पाया केंद्र और कंट्रोल रूम की मदद से अब तक कई लोगों को उनके परिजनों से मिलाया गया है।



