
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार हुंडई क्रेटा अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसा डौकी क्षेत्र के बाजिदपुर के पास करीब सुबह 7:15 बजे हुआ। दुर्घटना में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, कार दिल्ली से बलिया जा रही थी और उसमें कुल पांच लोग सवार थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक वाहन की गति करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटा थी। डिवाइडर से टकराने के बाद कार में सवार तीन लोग उछलकर एक्सप्रेसवे की जाली पार करते हुए नीचे पत्थरों वाले क्षेत्र में जा गिरे।
सूचना मिलने पर यूपीडा की सुरक्षा टीम और डौकी पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।



