LPU: हिंसा की आशंका के चलते इंटरनेट बंद, कैंपस के बाहर भारी पुलिस बल तैनात

पंजाब के जालंधर स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में रविवार को हुए विरोध-प्रदर्शन और हिंसा के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट है। एहतियात के तौर पर विश्वविद्यालय के आसपास इंटरनेट सेवा अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है। कैंपस के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
जागरण के अनुसार, पुलिस को आशंका है कि रविवार की घटना के दौरान तोड़फोड़ और आगजनी करने वाले कुछ लोग दोबारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं। इसी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने LPU का दौरा कर छात्रों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और सभी छात्र सुरक्षित हैं। उन्होंने छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, एक कथित यौन उत्पीड़न की अफवाह के बाद रविवार को LPU में छात्रों का विरोध-प्रदर्शन उग्र हो गया था। प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ झड़प, पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई थीं। इसके बाद पुलिस ने कैंपस के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है।
विश्वविद्यालय ने 28 सितंबर से 10 दिनों के लिए नियमित कक्षाएं स्थगित कर दी हैं और मिड-टर्म परीक्षाएं भी अगले आदेश तक टाल दी हैं। कई छात्र अपने घरों के लिए रवाना हो रहे हैं।



