
देहरादून के डीएवी पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के दौरान मंगलवार को हंगामा हो गया। प्रत्याशियों को समर्थन देने पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। कॉलेज पहुंच रहे छात्रों के प्रवेश पत्रों की गेट पर जांच भी की गई।
इससे पहले सोमवार रात एनएसयूआई छात्र नेताओं के खिलाफ वारंट और गिरफ्तारी की कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एसएसपी आवास की ओर रैली निकाली और धरना दिया था। प्रदर्शन के दौरान पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की गई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर मौके से हटाया।
कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि छात्रसंघ चुनाव के बीच गिरफ्तारी की कार्रवाई से चुनावी माहौल प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, पुलिस का कहना है कि कार्रवाई पुराने मामले में अदालत के आदेश और जारी वारंट के आधार पर की जा रही है।
चुनाव के बीच हुई इस कार्रवाई को लेकर छात्र नेताओं और समर्थकों में रोष देखने को मिला। देर रात तक कांग्रेस कार्यालय में भी एनएसयूआई छात्र नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।



